नंदिनी–अहिवारा में गरिमामय वातावरण में मनाया गया 76वां गणतंत्र दिवसनंदिनी–अहिवारा क्षेत्र में 26 जनवरी को 76वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, नगर पालिका अहिवारा के अध्यक्ष विद्यानंद कुशवाहा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अंकुर पांडे सहित नगर पालिका के सदस्य एवं पार्षदगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने राष्ट्रध्वज फहराकर संविधान निर्माताओं को नमन किया और देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।अहिवारा क्षेत्र के विभिन्न शासकीय, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय अहिवारा, हेमंत स्कूल नंदिनी, नगर कांग्रेस कमेटी अहिवारा, रेलवे क्रॉसिंग के समीप जोहर क्रांति सेना, खदान मजदूर संघ भिलाई, नंदिनी माइंस, तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अहिवारा सहित अनेक स्थानों पर राष्ट्रध्वज फहराया गया। सभी जगह राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई और उपस्थित जनसमूह ने तिरंगे को सलामी दी।दशहरा मैदान में बीएसपी प्रबंधन के तत्वावधान में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों के जोश और अनुशासन ने सभी का मन मोह लिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान में निहित अधिकारों एवं कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को अपनाकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं भाईचारे को बनाए रखने पर जोर दिया।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, आयोजन समितियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया। पूरे नंदिनी–अहिवारा क्षेत्र में गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

BySaiNath Times

Jan 29, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed