बाल श्रम उन्मूलन को लेकर जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न सख्त निगरानी व जनजागरूकता अभियान के निर्देश बालाघाट : शुक्रवार, फरवरी 20, 2026, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ की अध्यक्षता में 19 फरवरी को कलेक्टर कार्यालय स्थित सभाकक्ष में जिला बाल श्रम टास्कफोर्स एवं बंधक श्रमिक पुनर्वास समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।बैठक में अपर कलेक्टर श्री जी.एस. धुर्वे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उप्लव, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जितेन्द्र धुर्वे, जनपद पंचायत बालाघाट की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री ममता कुलस्ते, खाद्य विभाग से श्री पी.एस. वलाड़ी, महिला एवं बाल विकास विभाग से श्री विरेन्द्र गोखले, जिला बाल कल्याण समिति के सदस्यगण, विशेष किशोर पुलिस इकाई के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्था “आवाज” से श्री शिवगिरी गोस्वामी, सामाजिक कार्यकर्ता श्री हरि गौतम एवं श्रम निरीक्षक उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रभारी सहायक श्रम पदाधिकारी श्री मयंक दीक्षित द्वारा किया गया। बैठक में बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों एवं संशोधनों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों का किसी भी प्रकार के कार्य में नियोजन पूर्णतः प्रतिबंधित है, वहीं 14 से 18 वर्ष तक के किशोरों का खतरनाक प्रक्रियाओं में नियोजन वर्जित है। विभाग द्वारा अब तक की गई कार्यवाही, सतत निगरानी एवं आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। बाल कल्याण समिति के सदस्यों ने ध्यानाकर्षित किया कि जिले में शादी, पार्टी एवं अन्य आयोजनों में नाबालिग लड़कियों से कार्य कराए जाने की शिकायतें मिलती हैं, जिनकी प्रभावी निगरानी आवश्यक है। इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने इवेंट आयोजकों एवं केटरर्स की बैठक बुलाकर स्पष्ट निर्देश जारी करने के निर्देश दिए। जिला विधिक सहायता अधिकारी ने बताया कि कई बार पीड़ित श्रमिकों को शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी नहीं होती। इस पर सीईओ जिला पंचायत ने अधिनियम के मुख्य बिंदुओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा जनसुनवाई के दौरान इसकी जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। बैठक में समाज के सभी वर्गों को इस मुहिम से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। प्रभारी सहायक श्रम पदाधिकारी श्री दीक्षित ने बताया कि एनएसएस, एनसीसी कैडेट्स तथा समाज कार्य एवं विधि संकाय के विद्यार्थियों को जागरूक कर युवा शक्ति को अभियान से जोड़ा जाएगा। अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री सराफ ने सभी विभागों के समन्वय से प्रभावी जागरूकता अभियान चलाने और यह सुनिश्चित करने पर बल दिया कि बच्चों एवं श्रमिकों के साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो। Post navigation मिलेट्स के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेने कृषि प्रदर्शनी में अवश्य पधारें 🌹🌹 कलेक्टर ने ली सिंचाई विभाग के अधिकारियो की बैठक नक्सल क्षेत्र के ग्रामों में सिंचाई सुविधा के लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश